बलिया
मुहर्रम को लेकर चितबड़ागांव में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
चितबड़ागांव (बलिया)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चितबड़ागांव थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने की, जिसमें ताजियादारों, गणमान्य नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि मुहर्रम आस्था, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं तथा आपसी सौहार्द बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा किसी प्रकार का उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील भी की।
बैठक में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। ताजियादारों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की बात कही।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक अतुल कुमार, अरविंद यादव, ओम नारायण पाठक, एकलाख अहमद, मु. सलीमुद्दीन, वशीर अहमद, अली हुसैन, अनीश, मुन्साफ अंसारी, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में ताजियादार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में थानाध्यक्ष ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी समुदायों का सहयोग आवश्यक है।
