भदोही
भदोही में सड़क सुरक्षा और स्कूल परिवहन व्यवस्था की समीक्षा
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
डीएम-एसपी की संयुक्त बैठक, ब्लैक स्पॉट सुधार, ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ और कांवड़ यात्रा सुरक्षा पर जोर
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट सुधार और ‘राहवीर योजना’ के प्रचार पर जोर
जिलाधिकारी ने जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित ‘राहवीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर विशेष बल दिया।
साथ ही हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को समयबद्ध सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी थानों और यातायात इकाइयों में योजना से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने को भी कहा गया।
कांवड़ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे।
ओवरस्पीडिंग पर सख्ती, ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ अभियान लागू
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि बार-बार ओवरस्पीडिंग या अधिक चालान वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर नियमानुसार उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
स्कूली वाहनों की नियमित जांच होगी
बैठक में विद्यालय परिवहन सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक एवं परिचालकों के चरित्र सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से परिवहन सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
