भदोही
श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर भदोही प्रशासन अलर्ट
30 जुलाई से 28 अगस्त तक हाईवे की उत्तरी लेन रहेगी बंद
बाबूसराय बॉर्डर से गोपीगंज तक कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
भदोही। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक बाबूसराय बॉर्डर से गोपीगंज तक राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन (कांवड़िया लेन) पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस अवधि में उत्तरी लेन पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि दक्षिणी लेन एवं सर्विस लेन से सामान्य यातायात संचालित होगा।
स्वच्छता, प्रकाश और जलनिकासी पर विशेष जोर
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा डायवर्जन स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए। नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को जलभराव रोकने, नियमित सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर कहीं भी जर्जर या लटकते बिजली के तार न हों तथा सुरक्षा का प्रमाणपत्र जारी किया जाए।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं पर निगरानी
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया कि ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंटों और शिविरों में केवल ताजा एवं शुद्ध खाद्य सामग्री ही परोसी जाए। सभी प्रतिष्ठानों पर मूल्य सूची, डस्टबिन और साफ-सफाई की व्यवस्था अनिवार्य होगी। शिविरों में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा संभव हो तो रसोई स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सरकारी और निजी अस्पताल किसी भी कांवड़िया का इलाज करने से इनकार नहीं करेंगे। आपात स्थिति के लिए एएलएस एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और स्वास्थ्य कर्मी अलर्ट मोड में रहेंगे।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन और सर्विस लेन को कांवड़ियों के लिए सुरक्षित किया जाएगा तथा सभी डिवाइडर कट बंद रहेंगे। भीटी पुल से बाबूसराय अंडरपास तक सभी कट प्वाइंट पर बैरिकेडिंग कर पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे कांवड़ मार्ग और वैकल्पिक मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा जोनल और सेक्टर प्रभारियों द्वारा लगातार निगरानी की जाएगी। वाहनों को रोकते समय आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
समाजसेवियों से शिविर लगाने की अपील
जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से कांवड़ियों के लिए पेयजल, चाय, नाश्ता और विश्राम शिविर लगाने की अपील की। हाईवे पर मोबाइल टॉयलेट, सामुदायिक शौचालय, पेयजल टैंकर और प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, एनएचएआई के अधिकारी, एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
