गाजीपुर
भगवान श्रीकृष्ण व माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापना को लेकर निकली भव्य रथ यात्रा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जयकारों से गूंजा नगर
सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में मूर्ति स्थापना के अवसर पर हुआ आयोजन
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नगर स्थित प्राचीन सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण एवं माता दुर्गा की प्रतिमा के पुनः स्थापना समारोह के अवसर पर मंगलवार को हनुमान मंदिर शाहनिंदा से भव्य रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी धार्मिक आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ
रथ यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। यात्रा हनुमान मंदिर शाहनिंदा से प्रारंभ होकर शाहनिंदा मार्ग, सदर रोड, तहसील गोलंबर, विट्ठल मोड़, डॉ. अंसारी रोड, वकील बाड़ी मार्ग तथा ईदगाह रोड होते हुए सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
भक्ति गीतों और जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण
यात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रानी के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। भक्ति गीतों और धार्मिक नारों के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने माता रानी की चुनरी ओढ़कर रथ यात्रा में सहभागिता की और नगर भ्रमण किया।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर पंडित अभिषेक तिवारी, ओपी गिरी, वीरेंद्र राय, मीरा राय, संजीव गिहार, राजू गिरी, राजकुमार गिरी, सुनील गिरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
धार्मिक रंग में रंगा नगर
मूर्ति स्थापना एवं रथ यात्रा के आयोजन से नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
