गाजीपुर
श्मशान घाट की पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग, यूनाइटेड मीडिया पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन
स्पष्ट शुल्क निर्धारण और सार्वजनिक सूचना बोर्ड लगाने की उठी मांग
गाजीपुर। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर श्मशान घाट की पर्ची व्यवस्था में पारदर्शिता और स्पष्ट शुल्क निर्धारण की मांग की।
शुल्क सार्वजनिक न होने से बढ़ रही दिक्कतें
ज्ञापन में कहा गया कि गाजीपुर श्मशान घाट पर लंबे समय से पर्ची व्यवस्था के लिए निर्धारित शुल्क सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया गया है। इसके कारण अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शोकाकुल परिवारों को संवेदनशील समय में अनावश्यक असमंजस और परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पत्रकारों ने मांग की कि प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित शुल्क पर्ची पर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए तथा श्मशान घाट परिसर में सार्वजनिक स्थान पर सूचना बोर्ड लगाकर शुल्क सूची प्रदर्शित की जाए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
अधिशासी अभियंता ने दिया आश्वासन
इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ₹500 जमा करने पर पर्ची के साथ दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने का आश्वासन भी दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ विश्व बंधु कमांडर, उपेन्द्र यादव, शशिकांत जायसवाल, सिंहासन यादव और राजेश सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि स्पष्ट शुल्क निर्धारण और पारदर्शी पर्ची व्यवस्था लागू होने से आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा श्मशान घाट की व्यवस्थाएं अधिक सुचारु और व्यवस्थित बनेंगी।
