गाजीपुर
पोखरी की पैमाइश के दौरान लेखपाल पर ईंट से हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, घायल लेखपाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, छह नामजद समेत 16 पर मुकदमा; पांच आरोपी गिरफ्तार
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव में सरकारी पोखरी की पैमाइश एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान लेखपाल पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल लेखपाल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने छह नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहेड़ी गांव स्थित सरकारी पोखरी पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर तीन पिलर खड़े कर दिए गए थे। पाल समुदाय की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार राजस्व विभाग, पुलिस एवं पंचायती राज विभाग की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने, पोखरी की खुदाई तथा नाली निर्माण कार्य के लिए मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान एक पिलर हटाया जा चुका था।
इसी बीच गांव का एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। घायल लेखपाल अनिल प्रजापति के अनुसार युवक लगातार उनके काफी करीब आकर वीडियो बना रहा था। उसे पीछे हटने के लिए कहने पर उसका मोबाइल गिर गया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने पास में पड़ी ईंट उठाकर लेखपाल के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया।
हमले में लेखपाल अनिल प्रजापति के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गाजीपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल लेखपाल का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेने के साथ परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और राजस्व कर्मी पर हमला करना गंभीर अपराध है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। कर्मचारियों ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि राजस्व टीम की तहरीर के आधार पर छह नामजद सहित कुल 16 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों राजू बिन्द, मोनू बिन्द, मुन्ना बिन्द, जामवंत बिन्द और वीरेन्द्र बिन्द, सभी निवासी सहेड़ी थाना नंदगंज, को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
