गाजीपुर
भाजपा प्रदेश टीम घोषणा के बाद कृष्ण बिहारी राय व सरोज कुशवाहा का भव्य स्वागत
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश टीम की घोषणा के बाद गाजीपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय

को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा मिर्जापुर प्रभारी

सरोज कुशवाहा को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन के सभागार में जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान दोनों पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर पर डिजिटल प्रशिक्षण, “मन की बात” कार्यक्रम, वृक्षारोपण, जिला कार्यकर्ता सम्मेलन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अंत्योदय के आदर्शों का प्रेरणास्रोत है। कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से अभियान को सफल बनाना चाहिए।
घोषणा के बाद दोनों नेताओं के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से बधाइयों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
कृष्ण बिहारी राय, जो भांवरकोल ब्लॉक के सुखडेहरा गांव के रहने वाले हैं, वर्ष 1980 से पार्टी से जुड़े हैं। वे मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री, उपाध्यक्ष, महामंत्री और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित कई पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे रौजा क्षेत्र में निवास करते हैं।
वहीं सरोज कुशवाहा, चंद्रशेखर नगर कपूरपुर (गाजीपुर) की निवासी हैं। उन्होंने 1992 से भाजपा में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी और महिला मोर्चा में जिला महामंत्री, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय मंत्री जैसे पदों पर कार्य किया है। वर्तमान में वे क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मिर्जापुर जनपद की प्रभारी थीं।
दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने गाजीपुर के मिश्र बाजार स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
इस अवसर पर पारसनाथ राय, सुनील सिंह, बृजेन्द्र राय, कालीचरण राजभर, अवधेश राजभर, ओमप्रकाश गुप्ता, राजेश राजभर, वृजनंदन सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, सुमित तिवारी, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, शनि चौरसिया, शशिकांत शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
