वाराणसी
पाइपों के ढेर में लगी आग, लाखों का नुकसान
महीनों से पड़ी पाइपों में आग पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने कार्यप्रणाली पर घेरा
बड़ागांव (वाराणसी)। अनेई स्थित तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बुधवार को जल निगम की पाइपों में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
जानकारी के अनुसार, जल निगम विभाग द्वारा पिछले कई वर्षों से इस स्थान पर पाइपों का भंडारण किया गया था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने पाइपों में आग लगी देखी और तत्काल स्थानीय पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन पानी खत्म हो जाने के कारण आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इस दौरान ग्रामीणों और जल निगम कर्मियों की मदद से कुछ पाइपों को अलग कर बचा लिया गया, जबकि जल जीवन मिशन से संबंधित लाखों रुपये की पाइपें जलकर राख हो गईं।
मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी साधोगंज अविनाश सिंह ने प्राथमिक तौर पर आशंका जताई कि ऊपर से गुजर रहे तार से निकली चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पाइप कई महीनों से खाली जमीन पर पड़ी थीं और समय पर उपयोग नहीं होने के कारण यह नुकसान हुआ।
दोपहर बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पर्याप्त पानी लेकर वापस नहीं पहुंच सकीं, जिससे आग धीरे-धीरे खुद ही कम होने लगी, लेकिन पूरी तरह बुझ नहीं सकी। बीच-बीच में तेज हवा चलने पर आग फिर भड़क उठती थी। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग दस किलोमीटर दूर तक आसमान में धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और भय का माहौल है तथा जल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
