वाराणसी
वाराणसी में एक लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे होमगार्ड भर्ती परीक्षा
45 केंद्रों पर तीन दिन तक आयोजन
वाराणसी। जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। 25 से 27 अप्रैल के बीच आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 1 लाख 20 हजार 672 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 45 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इस तरह तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन के साथ रेल प्रशासन भी सतर्क मोड में है। परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर अधिकतम 480 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई है। एक पाली में 12,120 अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे।
पुलिस कमिश्नरेट की नोडल अधिकारी नम्रिता श्रीवास्तव के अनुसार 19 थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
सात जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए वाराणसी पहुंचेंगे। इनमें बलिया से 11,081, चंदौली से 5,125, गाजीपुर से 32,042, जौनपुर से 39,148, मऊ से 19,059, मीरजापुर से 9,443 तथा प्रयागराज से 4,774 अभ्यर्थी शामिल हैं।
सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात ने बताया कि अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए संबंधित जिलों की ओर जाने वाली ट्रेनों के समय विशेष सतर्कता बरती जाएगी और जवानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके लिए पुलिस बल की ड्यूटी पूर्व से ही निर्धारित कर दी गई है।
