Connect with us

वाराणसी

पत्रकारों को आयुष्मान और आवास योजना से जोड़ने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने जताई प्रतिबद्धता

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे के दौरान पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पत्रकारों से जुड़े विषयों को गंभीरता से ले रही है और उनके लिए आवास, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को लागू करने की दिशा में कार्य जारी है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में काशी में हुए अब तक के बदलावों का उल्लेख करते हुए विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि “बदलता बनारस” अब देशभर में विकास के मॉडल के रूप में स्थापित हो चुका है। साथ ही प्रतिनिधियों ने नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए आवास की कमी, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पेंशन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मुख्यमंत्री ने इस पर भरोसा दिलाया कि गोरखपुर की तर्ज पर वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी पत्रकारों के लिए आवास योजनाएं लागू करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रही हैं और पत्रकारों को भी इन योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता में है, क्योंकि वे समाज को जागरूक रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संघ अध्यक्ष के माध्यम से सौंपा गया पत्रक भी ग्रहण किया और उस पर विचार करने का आश्वासन दिया।

वार्ता के दौरान वरिष्ठ पत्रकार स्व. रमेंद्र सिंह के परिजनों को मुआवजा न मिलने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने मामले के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page