Connect with us

भदोही

पल्स पोलियो अभियान को लेकर जागरूकता रैली निकली, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

Published

on

Loading...
Loading...

28 जून को 643 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 2.82 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

भदोही। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून को आयोजित होने वाले विशेष बूथ दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों ने “दो बूंद जिंदगी की”, “पांच साल से कम उम्र, पोलियो की दवा है जरूरी” तथा “एक भी बच्चा न छूटे” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है और पिछले 12 वर्षों में देश में पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान में समय-समय पर पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2.82 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 28 जून को 643 बूथों पर विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए 450 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके बाद 6 जुलाई को बी-टीम के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर ऐसे बच्चों को भी दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश पूर्व चरणों में छूट गए हों।

Advertisement

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page