Connect with us

भदोही

चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Published

on

Loading...
Loading...

लालानगर टोल प्लाजा के पास हादसा, 23 हजार रुपये नकद व जरूरी दस्तावेज जलकर राख

भदोही। वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालानगर टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार को एक चलते ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रक में रखे करीब 23 हजार रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर राख हो गए।

जानकारी के अनुसार, कानपुर स्थित एडीबीएल प्राइवेट लिमिटेड का ट्रक (संख्या UP 78 BT 8325) गाजीपुर से कानपुर जा रहा था। ट्रक को कानपुर के बर्रा-7 निवासी विजय कुमार शर्मा (50) चला रहे थे। लालानगर टोल प्लाजा पार करने के बाद चालक पानी लेने के लिए ट्रक खड़ा कर नीचे उतरे। इसी दौरान इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने में विलंब होने पर एनएचएआई कर्मियों और स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर उपलब्ध पानी के टैंकर की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने शेष आग को पूरी तरह बुझाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में ट्रक में रखा करीब 23 हजार रुपये नकद, वाहन के कागजात तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement

हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक को भारी क्षति पहुंची है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page