गोरखपुर
पप्पू यादव की कथित टिप्पणी के विरोध में गोरक्षनाथ सनातन संघ ने सौंपा ज्ञापन
सनातन धर्म, संत समाज और श्रीराम मंदिर की गरिमा का हवाला देते हुए सार्वजनिक माफी और विधिसम्मत कार्रवाई की उठाई मांग
जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, संगठन ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया
गोरखपुर। गोरक्षनाथ सनातन संघ ने सांसद पप्पू यादव की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि उक्त टिप्पणी से सनातन धर्म, संत समाज एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का लगाया आरोप
ज्ञापन में संघ ने कहा कि साधु-संतों, भगवा वस्त्र और धार्मिक प्रतीकों के संबंध में की गई कथित टिप्पणी अनुचित है। संगठन का कहना है कि श्रीराम मंदिर के चित्र वाले वस्त्र पहनकर इस प्रकार की टिप्पणी करना सनातन समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ है और इससे श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
सार्वजनिक माफी और कार्रवाई की मांग
गोरक्षनाथ सनातन संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सांसद पप्पू यादव देश के सनातन समाज, श्रद्धालुओं और संत समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगें। साथ ही शासन एवं प्रशासन से मामले का विधि के अनुसार संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की गई।
सनातन सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि गोरक्षनाथ सनातन संघ सनातन धर्म, श्रीराम मंदिर और संत समाज के सम्मान एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर अपनी आवाज उठाता रहेगा।
कई पदाधिकारी रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर त्रिपाठी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हरिनाथ राज सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक रंजन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा, विकास सिंह, विशाल पांडेय, व्यापार प्रकोष्ठ के मनमोहन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
