गाजीपुर
पंचायत भवन निर्माण में फर्जी भुगतान, प्रधान और सचिव पर लाखों के गबन का आरोप
जमानियां क्षेत्र के चार गांवों में मामला, जांच पर उठे सवाल
जमानियां (गाजीपुर)। ब्लॉक अंतर्गत हेतिमपुर, मधुमालपुर, महली और बघरी ग्राम सभाओं में पंचायत भवन निर्माण सामग्री के नाम पर फर्जी भुगतान कर लाखों रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है।
सामग्री आपूर्ति के बावजूद भुगतान किसी और को देने का आरोप
आरोप है कि टीआरजी बिल्डिंग मैटेरियल फर्म द्वारा पंचायत भवन निर्माण के लिए सामग्री उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा भुगतान किसी अन्य स्थान पर दर्शाकर सरकारी धन निकाल लिया गया। शिकायत के अनुसार, जब तक मामला सामने आता, तब तक संबंधित सचिव का तबादला हो चुका था।

जिलाधिकारी से की गई शिकायत
पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर उचित भुगतान दिलाने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जमानियां को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे।
जांच रिपोर्ट पर गंभीर सवाल
शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच रिपोर्ट में यह दर्शाया गया कि टीआरजी बिल्डिंग मैटेरियल फर्म से कोई सामग्री नहीं ली गई और फर्म का अस्तित्व ही नहीं है। जबकि प्रश्न यह उठता है कि जब सामग्री ली ही नहीं गई तो 1,47,629 रुपये का भुगतान कैसे कर दिया गया।

जांच प्रक्रिया पर आरोप
आरोप है कि जांच के दौरान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों, मिस्त्रियों और ठेकेदार से पूछताछ नहीं की गई। यहां तक कि शिकायतकर्ता को भी अपना पक्ष रखने के लिए नहीं बुलाया गया।
पक्षपात के आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जांच में निष्पक्षता नहीं बरती गई और प्रधान तथा सचिव को बचाने का प्रयास किया गया है।
एडीओ पंचायत का पक्ष
इस संबंध में एडीओ पंचायत जमानियां ने बताया कि ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा जो लिखित जानकारी दी गई, उसी के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
