गाजीपुर
एनएच-124डी पर खुदाई से परेशानी, मिनी ट्रक फंसा
रघुवंश चौराहा के पास सड़क खराब, लोगों में नाराजगी
सादात (गाजीपुर)। नगर स्थित रघुवंश चौराहा के पास निर्माणाधीन एनएच-124डी सड़क पर पाइपलाइन मरम्मत के लिए की गई खुदाई राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों से आए दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

रात में फंसा मिनी ट्रक
शुक्रवार रात लहरतारा (वाराणसी) से प्लाईवुड लादकर आ रहा एक मिनी ट्रक अचानक रघुवंश चौराहे के पास गहरे गड्ढे में फंस गया। इससे कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
स्थानीय लोगों ने निकाला वाहन
मिनी ट्रक चालक कमलेश यादव ने इसकी सूचना संबंधित दुकानदार को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को देर रात गड्ढे से बाहर निकाला गया।
मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने निर्माण कार्य करा रही संस्था और ठेकेदार से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।
