गाजीपुर
नहर किनारे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
शादियाबाद क्षेत्र के करीमुल्लापुर गांव के पास मिला शव, मृतक की पहचान रोहित यादव के रूप में
गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के करीमुल्लापुर गांव स्थित नहर से करीब 200 मीटर अंदर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान रोहित यादव (25) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित अपने ननिहाल सादात थाना क्षेत्र के मर्दापुर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों और आरोपितों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
