गाजीपुर
धरवां में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फंदे से लटका मिला शव, पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए थाने लाया; सभी पहलुओं की जांच जारी
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के धरवां गांव में बुधवार रात 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मृतका के चाचा सामू बिन्द ने डायल-112 पर सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रास्ते से ही शव को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। मृतका के पति दयालू बिन्द को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
डेढ़ वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रीति बिन्द (22), पुत्री रामू बिन्द, निवासी विद्या पारा, थाना कोतवाली सदर, के रूप में हुई है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसका धरवां निवासी दयालू बिन्द से प्रेम विवाह हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक विवाह के कुछ समय बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और दोनों अलग रह रहे थे। यह भी बताया गया कि पति मजदूरी करता था।
तहरीर के आधार पर जांच
पुलिस के मुताबिक मृतका के चाचा सामू बिन्द ने तहरीर देकर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात कही है। वहीं, पुलिस मृतका के पिता रामू बिन्द, जो भदोही में कार्यरत हैं, के आने का इंतजार कर रही है ताकि उनका पक्ष भी दर्ज किया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
प्रभारी उपनिरीक्षक औरंगजेब खान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
