गाजीपुर
नए शिक्षा नियमों के विरोध में सवर्ण मोर्चा का प्रदर्शन
जखनिया में रेलवे स्टेशन से तहसील तक निकाला जुलूस, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जखनिया (गाजीपुर)। उच्च शिक्षा से जुड़े नए नियमों के विरोध में अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जखनिया में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए और जुलूस निकालकर तहसील मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तहसील पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी अतुल कुमार के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नियमों में बदलाव की मांग उठाई।
निष्पक्ष शिकायत निवारण की मांग
जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि संगठन को नए नियमों में शिकायतों के निस्तारण और संस्थागत व्यवस्था से जुड़े कुछ प्रावधानों पर आपत्ति है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में किसी भी विद्यार्थी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। साथ ही शिकायतों की जांच में शिकायतकर्ता और आरोपित दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए।
समीक्षा की मांग
संगठन ने सरकार से नए नियमों की समीक्षा कर समान अवसर, पारदर्शी जांच और निष्पक्ष शिकायत निवारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। सिंह ने कहा कि संगठन अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में वेद प्रकाश पांडेय, अश्वनी सिंह, संतोष सिंह, अजीत सिंह, आलोक पांडेय, राजेश दुबे, अनिल सिंह, गौरव सिंह, भवानी प्रसाद सिंह, विवेक सिंह, राकेश सिंह, विजय प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
