गाजीपुर
नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज
सांसद ने डीआरएम को लिखा पत्र, यात्रियों में जगी उम्मीद
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी को पत्र भेजकर नंदगंज रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
सांसद द्वारा 1 जून 2026 को भेजे गए पत्र में एसएमवीडीके एक्सप्रेस (14611/14612), सुहेलदेव एक्सप्रेस (22419/22420) तथा पवन एक्सप्रेस (11061/11062) का अप-डाउन में ठहराव नंदगंज स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
लंबे समय से उठ रही है मांग
नंदगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी रेल यात्रा पर निर्भर है, लेकिन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव न होने के कारण यात्रियों को गाजीपुर या वाराणसी जैसे बड़े स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों का अतिरिक्त व्यय होता है।
स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से इन ट्रेनों के ठहराव की मांग की जाती रही है।
लोगों में जगी उम्मीद
सांसद द्वारा सीधे डीआरएम को पत्र भेजे जाने के बाद क्षेत्र में सकारात्मक उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव नंदगंज स्टेशन पर हो जाता है तो छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
क्षेत्रीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए रेलवे प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। लोगों का मानना है कि इस निर्णय से नंदगंज रेलवे स्टेशन का महत्व बढ़ेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
