गोरखपुर
धोखाधड़ी और गबन के मामले में दो गैंगस्टर गिरफ्तार
गैंग बनाकर लोगों से ठगी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, गैंगस्टर एक्ट में हुई कार्रवाई
गोरखपुर। संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर गैंग बनाकर धोखाधड़ी, पैसों का गबन करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में थी तलाश
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक एम्स के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गौरव तिवारी की टीम ने थाना एम्स में दर्ज मुकदमा संख्या 178/2026 (उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986) के तहत वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटेलाल सिंह पुत्र स्वर्गीय रामअधार सिंह तथा नरेंद्र सिंह उर्फ मुलायम सिंह पुत्र छोटेलाल सिंह, निवासी ग्राम जगदीशपुर, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
धोखाधड़ी कर पैसों के गबन का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर पैसों का गबन करते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप हैं।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक राजकुमार तथा हेड कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे।
