वाराणसी
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से क्रूरता, पति सहित सास-ससुर पर केस दर्ज
वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित पुआरीकला खुर्द गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को प्रताड़ित करते हुए मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे कुएं में उल्टा लटका दिया। संयोगवश उसी दौरान मायके पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह विवाहिता को ससुराल पक्ष के चंगुल से छुड़ाकर थाने लाई। इसके बाद उसे उपचार के लिए पंडित दीनदयाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के बरइछ गांव निवासी अजय कुमार पाण्डेय की पुत्री चारू पांडेय का विवाह 26 फरवरी 2024 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कला खुर्द गांव निवासी गोरखनाथ दुबे के पुत्र राहुल दुबे के साथ हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था।
विवाहिता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज और चारपहिया वाहन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने बताया कि कई बार बेटी से मिलने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष ने उन्हें घर से भगा दिया। आरोप है कि विवाहिता के शरीर पर जलाने के निशान भी मौजूद हैं।
पीड़िता के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनकी पुत्री को जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंका गया था। घटना वाले दिन विवाहिता को बेरहमी से पीटा गया और उसके दोनों पैरों में रस्सी बांधकर उसे उल्टा कुएं में लटका दिया गया। उसी समय उसका मामा और मामी वहां पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि डायल 112 पुलिस के पहुंचने के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग हंगामा और गाली-गलौज करते रहे तथा पुलिस का विरोध करने लगे। इसके बाद स्थानीय थाने की अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और विवाहिता को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
