वाराणसी
मनीष सिंह हत्याकांड : न्याय जुलूस को लेकर पुलिस सख्त, जगह-जगह फोर्स तैनात
3 आईपीएस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
वाराणसी में व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड के विरोध में प्रस्तावित न्याय जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हत्या के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने जुलूस निकालने की घोषणा की है। इसके बाद प्रशासन ने घमहापुर क्षेत्र की सीमाओं को सील कर दिया है।
पुलिस ने पहले परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात को देखते हुए बुधवार सुबह से ही मनीष सिंह के घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जुलूस में शामिल होने वाले लोगों को उनके घरों में ही नजरबंद किया गया है।

कई गांवों से सैकड़ों लोगों के जुटने की आशंका को देखते हुए करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए कड़ी निगरानी लागू कर दी गई है। हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए 3 आईपीएस और 8 पीपीएस अधिकारियों सहित 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे इलाके में जगह-जगह पुलिस बल मौजूद है। बाबतपुर बाजार में पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार स्वयं फोर्स के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।
मनीष हत्याकांड में पांच आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। तहसील प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। सीमांकन के दौरान चार आरोपियों के पक्के मकान नवीन परती की जमीन पर पाए गए, जबकि एक आरोपी ने घूर गड्ढे की जमीन पर मकान बनाया है। तहसीलदार कुलवंत सिंह के नेतृत्व में घमहापुर में आरोपियों के मकानों की गोपनीय जांच की गई।

मनीष, आशीष, दीपक व हरिश्चंद्र राजभर का मकान नवीन परती में बना मिला। वहीं, अजय राजभर ने घूर गड्ढे के लिए आरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया है। जांच में पुष्टि होने के बाद बेदखली की प्राथमिकी दर्ज कर नोटिस जारी किया गया है।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की जाएगी। वहीं, मनीष की पत्नी अंकिता और परिजन पुलिस की मुठभेड़ कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। अंकिता ने प्रशासन को उसका वादा याद दिलाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक और पुलिस प्रशासन ने कड़ी सजा के साथ काउंटर करने की बात कही थी।
50 हजार के इनामियों को शरण देने वाले चार आरोपी गिरफ्तार मनीष हत्याकांड में 50 हजार के इनामी आरोपियों को शरण देने वाले चार अन्य लोगों को फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दानगंज कपिसा निवासी शिवचंद प्रसाद, घमहापुर निवासी मुकुंद लाल राजभर, करखियांव फूलपुर निवासी किशन और पुरा रघुनाथपुर बाबतपुर निवासी गणेश कुमार राजभर शामिल हैं। अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, 50-50 हजार के इनामी तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और फूलपुर पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
