Connect with us

वाराणसी

दस लाख दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट, ससुराल पक्ष पर केस दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। दहेज उत्पीड़न के एक मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर के जन शिकायत प्रकोष्ठ के हस्तक्षेप के बाद फूलपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर 10 लाख रुपये दहेज मांगने और घर से निकालने का आरोप लगाया है।

फूलपुर थाना क्षेत्र की निवासी निकिता तिवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी शादी 4 फरवरी 2022 को जंसा थाना क्षेत्र के हथौड़ी निवासी ऋषभ पांडेय से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में करीब 5 लाख रुपये नकद, बाइक, सोने के गहने और घरेलू सामान दिया गया था।

निकिता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति ऋषभ पांडेय, ससुर दिनेश पांडेय, सास किरण पांडेय तथा ननदें नीशू पांडेय और निधि उपाध्याय अतिरिक्त 10 लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे।

पीड़िता के मुताबिक, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ प्रताड़ना की गई और मारपीट भी की गई। पति ने दूसरी शादी करने की धमकी भी दी। निकिता ने बताया कि उनके पिता ने जमीन बेचकर शादी की थी, इसलिए अतिरिक्त रकम देना संभव नहीं था।

आरोप है कि पति ऋषभ पांडेय मुंबई से फोन कर लगातार 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। वह कहते थे कि “पैसे लेकर आओ, तभी स्वीकार करूंगा।” मई 2023 में विवाहिता अपने मायके लौट आयी थी।

Advertisement

इसके बाद कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी दहेज की मांग पर कायम रहा। पीड़िता ने खुद को मानसिक तनाव और डिप्रेशन से ग्रसित बताते हुए पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की गुहार लगाई थी।

जन शिकायत प्रकोष्ठ के हस्तक्षेप के बाद फूलपुर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 498A, 323, 506 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच महिला सब इंस्पेक्टर अनुराधा मौर्या को सौंपी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page