Connect with us

वाराणसी

तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो लोग घायल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत सातोमहुआ के पास मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए, जबकि सड़क किनारे स्थित एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद वाराणसी-लखनऊ एनएच पर लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर आवागमन बहाल कराया।

जानकारी के अनुसार, बनियापुर निवासी सुनील यादव मंगलवार की सुबह करीब 3:30 बजे बालू लादकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाबतपुर की ओर जा रहे थे। सातोमहुआ के समीप पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली पार करते हुए एक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग अच्छा रहा कि उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

टक्कर मारने वाला ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर में फंस गया। इसी दौरान करीब एक घंटे बाद बिहार से बालू लेकर सुलतानपुर जा रहा एक अन्य ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से जा भिड़ा।

Advertisement

बताया गया कि अंधेरा होने, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर काले रंग की तिरपाल ढकी होने और ट्रैक्टर में पीछे की तरफ रेडियम न लगे होने के कारण हादसा हुआ। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक सुनील चौधरी और खलासी अरुण सिंह निवासी पासा पट्टी थाना मोतिगरपुर, सुलतानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पास के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

चालक सुनील चौधरी ने बताया कि सामने से कार आने की वजह से वह वाहन नहीं मोड़ सके, जिसके चलते ट्रेलर ट्रक से टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और हरहुआ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page