Connect with us

वाराणसी

अखिलेश यादव के आपत्तिजनक पोस्टर पर भड़के सपाई, डीएम से कार्रवाई की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

सपा नेताओं का आरोप- सत्ता पक्ष के इशारे पर लगाए गए अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर

वाराणसी। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार सुबह जिलाधिकारी से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम वाराणसी की ओर से हाल में की गई बुलडोजर कार्रवाई, महिलाओं के साथ अभद्रता तथा फरीदपुर और संदहा में पर्यटन स्थल विकसित करने के नाम पर किसानों के उत्पीड़न के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। साथ ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ शहर में लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टरों के मुद्दे को भी उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्‍हा ने कहा कि बरईपुर और कंदवा चितईपुर में सैकड़ों वर्षों से रह रहे लोगों को जबरन और अमानवीय तरीके से उजाड़ना गलत एवं असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में एक विशेष जाति के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जो कानून के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, जबकि 50 से अधिक मवेशी लापता हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गई है।

सारनाथ क्षेत्र के फरीदपुर और संदहा में पर्यटन स्थल विकसित करने के नाम पर किसानों को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वहां के किसान छोटी-छोटी जमीनों पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कुछ अराजक तत्वों द्वारा लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टरों की घटना को सत्ता पक्ष के इशारे पर किया गया कृत्य बताया गया। उनका कहना था कि इसका उद्देश्य शहर का माहौल खराब करना है। समाजवादी पार्टी ने कहा कि वह अपने नेता के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर तक संघर्ष करेगी और इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी की छवि खराब करना उचित नहीं है। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Advertisement

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा और आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्‍हा, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट, किशन दीक्षित, डॉ. सुभाष राजभर, प्रदीप जायसवाल, विष्णु शर्मा, पूजा यादव, हारून अंसारी, आनंद यादव, संदीप मिश्रा, रामकुमार यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page