गोरखपुर
तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर रानीडीहा में जश्न, कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव
बंगाल सहित तीन राज्यों में जीत का श्रेय मोदी-शाह को, क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया ‘स्वर्णिम काल’
गोरखपुर। रानीडीहा स्थित भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में पार्टी की प्रचण्ड जीत के बाद जोरदार जश्न मनाया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय एवं जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी का इजहार किया।
जैसे ही बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा के पक्ष में शानदार रुझान सामने आए, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता खराब मौसम के बावजूद क्षेत्रीय कार्यालय पहुँचने लगे। दोपहर करीब ढाई बजे भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाना शुरू किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय को लड्डू खिलाकर बधाई दी, जिसके बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।

कार्यालय परिसर “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद”, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद”, “गृह मंत्री अमित शाह जिंदाबाद”, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कर्मभूमि बंगाल रही है और वहां मिली यह जीत उनके संकल्पों की पूर्ति के समान है। उन्होंने बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को देते हुए इसे भाजपा का स्वर्णिम काल बताया।
वहीं जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि तीनों राज्यों में भाजपा की प्रचण्ड जीत केंद्रीय नेतृत्व की कुशल रणनीति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर थी, जिसका जवाब वहां की जनता ने एकजुट होकर दिया है।
इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य डॉ. आरडी सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, राहुल तिवारी, मनोज कुमार शुक्ल, हरिकेष राम तिवारी, ब्रह्मानन्द शुक्ल, कृष्णपाल सिंह, गीतांजलि श्रीवास्तव, डॉ. सादनन्द शर्मा, मंजू सिंह, राजाराम कन्नौजिया, योगेश प्रताप सिंह, उमाशंकर निषाद, धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, राकेश चौधरी, ब्लाक प्रमुख सुमन यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
