बलिया
तीन बाइक सवारों के हमले में युवक गंभीर घायल
एकडेरवा गांव के पास वारदात, डायल-112 की मदद से सीएचसी में कराया गया भर्ती
रतसर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के सिकटौटी (टड़िया) गांव निवासी एक युवक पर शुक्रवार देर रात तीन बाइक सवार युवकों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतसर में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सिकटौटी (टड़िया) गांव निवासी दीपक चौहान (27) शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। आरोप है कि एकडेरवा गांव के समीप तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दीपक वहां से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और कथित रूप से दोबारा मारपीट की।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल दीपक को सड़क पर खून से लथपथ अवस्था में देखा और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतसर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
