भदोही
टोल पर रांग साइड ट्रक ने बाइक को रौंदा, युवक की मौत
भीषण हादसे में दूसरा युवक गंभीर घायल, टोल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शुरू की जांच, स्थानीय लोगों ने रांग साइड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की
गोपीगंज (भदोही), 13 जुलाई 2026। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के लालानगर टोल प्लाजा पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोल प्लाजा की दक्षिणी लेन पर रांग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार माधोसिंह निवासी अफसान पुत्र रमजान (25 वर्ष) और नेहाल पुत्र इकबाल (23 वर्ष) बाइक से गोपीगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लालानगर टोल प्लाजा के पास रांग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अफसान को मृत घोषित कर दिया। वहीं नेहाल का उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं गोपीगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लालानगर टोल प्लाजा की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि टोल क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाईवे पर खड़े भारी वाहन और गिट्टी-बालू खाली करने के बाद रांग साइड से गुजरने वाले ट्रक हादसों का बड़ा कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टोल क्षेत्र में रांग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, जिससे भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।
