गाजीपुर
जमानिया में डम्पर की टक्कर से युवक की मौत
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मां की मौत के 25 दिन बाद जवान बेटे की भी गई जान, परिजनों ने चालक पर कार्रवाई की मांग की
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नई बस्ती उमरगंज में तेज रफ्तार डम्पर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एक 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक की मां का भी 25 दिन पूर्व निधन हो चुका था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, नई बस्ती उमरगंज निवासी संजय राम का पुत्र नितीश कुमार लहुआर स्थित ईंट-भट्ठे से खाना खाने के लिए मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डम्पर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नितीश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और पिता के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार अभी उसकी मां सुनीता देवी की 22 मई को हुई मृत्यु के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि जवान बेटे की मौत ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।
मंगलवार को मृतक के पिता संजय राम ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
