गाजीपुर
जमानियां में शोक की लहर: मां काली माता मंदिर के पुजारी हीरा बाबा का निधन
देर रात बिगड़ी तबीयत, उपचार के बाद घर लौटे, फिर हुआ निधन
धार्मिक और सामाजिक जीवन से जुड़े हीरा बाबा को अंतिम विदाई, श्रद्धालुओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जमानियां/गाज़ीपुर। जमानियां तहसील क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित मां काली माता मंदिर के पुजारी हीरा बाबा (70 वर्ष) का सोमवार देर रात अचानक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु, शुभचिंतक तथा स्थानीय लोग उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय देखभाल के बाद स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उन्हें घर वापस ले आया गया, लेकिन देर रात उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार जमानियां-बड़ेसर स्थित श्मशान घाट पर किया गया। उन्हें उनके बड़े पुत्र किशुन बिंद ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।हीरा बाबा लंबे समय से मां काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। क्षेत्र में वे एक सरल, धार्मिक एवं सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते थे। उनके निधन से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में गहरा दुःख व्याप्त है।
