आजमगढ़
गैंगस्टर के.सी. राय की 10 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने लिया कब्जा
फर्जी खतौनी और जमीन ठगी से खड़े किए गए कथित अपराध साम्राज्य पर कानून का शिकंजा, सीजेएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच गाटा में फैली संपत्ति प्रशासनिक कब्जे में
आजमगढ़। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग ने रविवार को गैंगस्टर, भूमाफिया एवं हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले ली। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में डुगडुगी पिटवाकर नियमानुसार की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त ने कथित रूप से फर्जी खतौनी, जमीन के नाम पर ठगी, कूटरचना, गैंगस्टर गतिविधियों तथा अन्य संगठित अपराधों से अर्जित धन से वर्ष 2012 से ग्राम कोडर अजमतपुर में भूमि खरीदकर आलीशान भवन का निर्माण कराया। समय-समय पर भवन का पुनर्निर्माण और विस्तार भी कथित रूप से इसी अवैध धन से किया गया।
विवेचना में यह भी पाया गया कि उक्त भवन का उपयोग गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने के लिए किया जाता था। राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग के मूल्यांकन में पांच गाटा संख्या में फैली इस संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग 10 करोड़ रुपये आंका गया।
पुलिस की प्रभावी विवेचना के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित किया तथा तहसीलदार को उसका प्रशासक नियुक्त किया। आदेश के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी की उपस्थिति में थाना कोतवाली पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने बताया कि कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और उसे पूर्व में प्रशासनिक आधार पर अंबेडकरनगर कारागार स्थानांतरित किया जा चुका है। उसके विरुद्ध हत्या, ठगी, जालसाजी, अपहरण, गैंगस्टर्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त एवं कुर्क कर अपराधियों की आर्थिक रीढ़ तोड़ने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा संगठित अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से अमल किया जाएगा।
