Connect with us

वाराणसी

अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में वृक्षारोपण महायज्ञ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Published

on

Loading...
Loading...

प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह बोले— वृक्षारोपण महायज्ञ प्रकृति और मानवता के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी

शासन के अभियान के तहत कॉलेज परिसर में हुआ पौधारोपण, शिक्षकों व छात्राओं ने हरित विरासत को संरक्षित करने का लिया संकल्प

वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के परमानंदपुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि आज पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मानवता के प्रति प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि एक वृक्ष अपने पूरे जीवनकाल में कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करता है, वायु को शुद्ध बनाता है, वर्षा चक्र को संतुलित रखने में सहायक होता है तथा अनेक जीव-जंतुओं को आश्रय प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित कर एक सशक्त हरित विरासत तैयार करना भी होना चाहिए।

Advertisement

प्रो. आभा सक्सेना ने कहा कि पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखने और पर्यावरणीय संतुलन कायम रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। पेड़ न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं।

प्रो. दुष्यंत सिंह ने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई और बढ़ते प्रदूषण के कारण ग्लोबल वार्मिंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ऐसे में सभी लोगों का नैतिक दायित्व है कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी सुरक्षा करें। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में प्रो. अनीता सिंह, प्रो. कुमुद सिंह, प्रो. आकाश, प्रो. मृदुला व्यास, डॉ. सरला सिंह, डॉ. सुधा यादव, डॉ. सोनम चौधरी, श्रीमती मेनका सिंह, श्रीमती शोभा प्रजापति सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page