भदोही
भदोही पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर बाइक चोर
बिरहा कार्यक्रम से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद, बेचने जा रहे थे आरोपी
सुरियावां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
भदोही। सुरियावां थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सुरियावां क्षेत्र के सिंहपुर निवासी राजनाथ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जून 2026 की रात ग्राम कस्तूरीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास आयोजित बिरहा कार्यक्रम के दौरान उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। तहरीर के आधार पर थाना सुरियावां में मुकदमा संख्या 211/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बाइक बेचने जाते समय दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर सुरियावां पुलिस ने अबरना रोड स्थित बंशीपुर गेट के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिरहा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। शनिवार को वे चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, बीएनएस की धारा बढ़ाई गई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज वनवासी (21) पुत्र पद्दन उर्फ विश्वनाथ वनवासी, निवासी बीसापुर तथा नखडू (22) पुत्र बुलटी उर्फ फूलचंद वनवासी, निवासी बिसही, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, उपनिरीक्षक सुरेश यादव एवं कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।
