Connect with us

भदोही

“न्याय आपके द्वार” अभियान के तहत डीएम ने किया विवादित भूमि का स्थलीय निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

औराई के उचेठा गांव पहुंचे जिलाधिकारी, राजस्व वाद में दोनों पक्षों की सुनी बात; निष्पक्ष व समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक भी रहे मौजूद, अधिकारियों से कहा— न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन कर पारदर्शिता के साथ करें निस्तारण

भदोही, 11 जुलाई। शासन की प्राथमिकता वाले “न्याय आपके द्वार” अभियान के तहत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शनिवार को तहसील औराई के ग्राम पंचायत उचेठा में पहुंचकर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67(5) से संबंधित न्यायालय वाद ‘भीमराज यादव बनाम हीरालाल यादव एवं अन्य’ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विवादित स्थल का बारीकी से अवलोकन किया तथा मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित राजस्व अभिलेखों का परीक्षण करने के साथ प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जानकारी प्राप्त की और दोनों पक्षों की बातों को गंभीरता एवं निष्पक्षता से सुना। अधिकारियों से वाद की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यायालय में लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों में प्रत्येक कार्रवाई उपलब्ध अभिलेखों, साक्ष्यों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप ही की जानी चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।

Advertisement

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए मामले की तथ्यपरक जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विवादों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे आमजन का प्रशासन और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page