जौनपुर
विद्यालय से मिली शिक्षा और संस्कार जीवनभर देते हैं प्रेरणा : ज्ञान प्रकाश सिंह
टीडी इंटर कॉलेज में पुरातन छात्र सम्मेलन, देशभर से पहुंचे करीब एक हजार पूर्व छात्र
गुरुजनों का हुआ सम्मान, पूर्व छात्रों ने साझा की छात्र जीवन की यादें
जौनपुर। तिलकधारी सिंह (टीडी) इंटर कॉलेज में शनिवार को आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब एक हजार पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा किया। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने गुरुजनों का सम्मान किया, विद्यालय के विकास को लेकर चर्चा की और पुराने साथियों से मिलकर भावुक क्षणों को साझा किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रख्यात समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कार जीवनभर व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अपने गुरुजनों को नमन करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि बेहतर व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिभाएं कभी संसाधनों की मोहताज नहीं : कृपा शंकर सिंह
पूर्व सांसद प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कृपा शंकर सिंह ने कहा कि प्रतिभाएं कभी भी संपन्नता की मोहताज नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान और संस्कारों का उपयोग समाज के हित में करना है।
सम्मेलन में पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर सहित कई गणमान्य पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए।
पूर्व छात्रों ने विद्यालय की पुरानी यादों को किया जीवंत
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुरातन छात्र सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालय से जुड़े पुराने छात्रों को एक मंच पर लाना और संस्थान के विकास में उनका सहयोग प्राप्त करना है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया, अपने पुराने कक्षों और शिक्षकों को याद किया तथा एक-दूसरे से मिलकर बीते दिनों की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने विद्यालय के गौरव और परंपराओं को बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
भव्य आयोजन के लिए हुई सराहना
कार्यक्रम का संचालन बीएचयू के प्रोफेसर गुरु प्रसाद सिंह, श्रीमती कंचन पाठक एवं डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी बद्रीनाथ सिंह एवं सह मीडिया प्रभारी डॉ. मयंक शेखर झा ने दी।
