बलिया
विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को लगाई फटकार
कटहल नाला, मेडिकल बाईपास और बाढ़ शरणालय का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्ध कार्य पूरा करने के दिए निर्देश**
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में धीमी गति और लापरवाही पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले परमानंदापुर स्थित कटहल नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मेडिकल बाईपास और माल्देपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को माल्देपुर से सड़क की चौड़ाई का चिन्हांकन कराने, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा नाली निर्माण का कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे उगी झाड़ियों और फैली गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित विभाग को तत्काल सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सरिया, पिलरों और बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार तथा लोक निर्माण विभाग एवं आपदा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
