Connect with us

गोरखपुर

गैंगस्टर एक्ट का गैंग लीडर गिरफ्तार, लूट की वारदातों से जुड़ा आरोपी दबोचा गया

Published

on

Loading...
Loading...

एम्स थाना पुलिस की कार्रवाई, संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान में मिली सफलता

आरोपी उग्रसेन उर्फ लाला पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत 15 मुकदमे दर्ज

गोरखपुर। संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी एवं गैंग लीडर उग्रसेन चौहान उर्फ लाला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना एम्स पर दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 453/2025 में कार्रवाई करते हुए उग्रसेन चौहान उर्फ लाला पुत्र स्व. राम सिंह चौहान निवासी खुटहवा, तुर्रा नाला के पास, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगठित रूप से लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। उसकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।

Advertisement

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उग्रसेन उर्फ लाला के खिलाफ 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, लूट का सामान रखने, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। उसके विरुद्ध गोरखपुर के एम्स, शाहपुर और पिपराइच थानों में विभिन्न समय पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सत्यम मिश्रा, हेड कांस्टेबल प्रभात दुबे, कांस्टेबल शशिकांत सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल रजनीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page