मिर्ज़ापुर
किसान दिवस आज, विकास भवन सभागार में जुटेंगे जिले भर के अन्नदाता
कृषि योजनाओं की जानकारी के साथ किसानों की समस्याओं पर होगा मंथन
कृषि विभाग ने की अधिक से अधिक किसानों से सहभागिता की अपील
मीरजापुर। कृषि विभाग मीरजापुर के तत्वावधान में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार, पथरहिया में किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें जिले भर के किसान भाग लेकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला सचिव बृजराज सिंह ‘राजू’ ने सभी किसान भाइयों से समय पर कार्यक्रम में पहुंचकर सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान दिवस किसानों की समस्याओं के समाधान और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच है।
कृषि विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कार्यक्रम में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही कृषि से संबंधित नवीन योजनाओं, तकनीकों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने का आग्रह किया है।
