मिर्ज़ापुर
पति पर दूसरी शादी का शक, महिला ने तीन बच्चों संग खाया जहर; मां-बेटी की मौत
मड़िहान में दर्दनाक घटना, दो मासूम बच्चों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
पति के साथ न जाने से आहत थी महिला, पुलिस मामले की जांच में जुटी
मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति द्वारा साथ न ले जाने और दूसरी शादी का संदेह होने से आहत एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान से सूचना मिली कि कुसुम (38) पत्नी धर्मेंद्र धरिकार तथा उसके तीन बच्चे मधु (12 वर्ष), राधिका (10 वर्ष) और सत्या (8 वर्ष) जहरीला पदार्थ खाने के कारण भर्ती हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मड़िहान मौके पर पहुंचे और चारों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका की मृत्यु हो गई, जबकि मधु और सत्या का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुसुम के पति धर्मेंद्र धरिकार दिल्ली में रहते हैं। महिला को संदेह था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी कारण वह उसकी उपेक्षा कर रहे हैं। इस विवाद को लेकर 12 जुलाई को महिला के मायके में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। बताया गया कि पति ने अगले दिन पत्नी को अपने साथ ले जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह बिना उसे साथ लिए ही वापस चला गया।
पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद महिला कथित रूप से अपने ससुराल पहुंची और अपने तीनों बच्चों को जहरीला पदार्थ देने के बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
