गोरखपुर
ईवीएम की एफएलसी पूरी, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में निकाली गईं छह प्रतिशत मशीनें
240 बीयू-सीयू मशीनों से तहसीलों और कस्बों में होगा डेमो, दलों को दिए गए सीरियल नंबर
डीएम दीपक मीणा ने स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, प्रशिक्षण के लिए मशीनें कड़ी सुरक्षा में रखवाई गईं
रिपोर्टर/गोरखपुर बस्ती मंडल प्रभारी अरुण कुमार मिश्र
गोरखपुर। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी कर ली गई है। इसके बाद मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उनकी मौजूदगी में प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम के लिए कुल मशीनों की छह प्रतिशत ईवीएम निकाली गईं। इन मशीनों को जिले की सभी तहसीलों और कस्बों में ले जाकर आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया का डेमो दिया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ज्वाईंट मजिस्ट्रेट एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि ईवीएम की एफएलसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत लगभग छह प्रतिशत मशीनें, यानी 240 बीयू-सीयू (बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट) प्रशिक्षण और डेमो के लिए अलग रखी गई हैं। इन मशीनों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तहसीलों और कस्बों में ले जाया जाएगा, जहां नागरिकों को ईवीएम से मतदान करने की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी।
मशीनों को स्ट्रांग रूम से निकालने की प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई, ताकि पूरी कार्रवाई पारदर्शी रहे। इस दौरान निकाली गई बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) के सीरियल नंबर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराए गए। इससे दलों के प्रतिनिधि मशीनों की पहचान और उनके आवागमन पर निगरानी रख सकेंगे। मशीनों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने और वापस सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि ईवीएम के डेमो का उद्देश्य आम मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया से परिचित कराना है। तहसील और कस्बा स्तर पर आयोजित होने वाले प्रदर्शन के दौरान नागरिकों को बताया जाएगा कि बैलेट यूनिट पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के सामने दिए गए बटन को दबाकर किस तरह मतदान किया जाता है। इसके साथ ही कंट्रोल यूनिट की भूमिका और मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। इससे मतदाताओं की ईवीएम को लेकर जानकारी बढ़ेगी और मतदान के प्रति विश्वास मजबूत होगा।
एफएलसी पूरी होने के बाद शेष ईवीएम को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। प्रशिक्षण के लिए निकाली गई मशीनों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है। लेखपालों की निगरानी में मशीनों को सुरक्षित रखने तथा निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों में सहयोग की अपेक्षा की।
इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मशीनों के सीरियल नंबर उपलब्ध कराने के साथ ही ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव और डेमो कार्यक्रम की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। बैठक एवं निरीक्षण में संबंधित निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
