गाजीपुर
इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर और एल्युमिनियम का तार बरामद किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र स्थित एसके इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर चोरों ने दुकान के अंदर रखा कॉपर और एल्युमिनियम का तार चोरी कर लिया था। दुकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 307/2026 दर्ज करते हुए धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
19 सितंबर को उपनिरीक्षक लल्लन राम बिंद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर आदिलाबाद के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर और एल्युमिनियम का तार बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वकील बिंद पुत्र श्रीराम ध्यानी बिंद निवासी टड़वा, थाना मुहम्मदाबाद और रोहित बिंद पुत्र दीनानाथ बिंद निवासी देवसिया, थाना नंदगंज के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
