Connect with us

गाजीपुर

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से लोगों में दहशत

Published

on

Loading...
Loading...

बहरियाबाद गाजीपुर। बहरियाबाद और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। रायपुर बाजार से जखनियां मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। सड़क की एक लेन पर काम होने और दूसरी दिशा से वाहनों के आने के कारण अक्सर वाहन आमने-सामने आ जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग का निर्माण पूरा कराने के लिए कई बार धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही अधिकारियों को पत्रक भी दिया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

क्षेत्र की अधिकांश ग्रामीण सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और टूटे किनारे हादसों को न्योता दे रहे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। कई मार्गों पर पर्याप्त संकेतक, सुरक्षा अवरोधक और प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के गड्ढों में फंसने या असंतुलित होने से पलटने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।

हाल ही में सैदपुर-चिरैयाकोट मुख्य मार्ग पर वेवदा चट्टी के पास बघांव निवासी धनंजय कनौजिया मोटरसाइकिल से जाते समय वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की कमी, हेलमेट और सीट बेल्ट का कम इस्तेमाल तथा वाहनों में ओवरलोडिंग भी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। दुर्घटना के बाद समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से घायलों की स्थिति गंभीर होने की आशंका रहती है। हादसों में परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत या घायल होने से परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़कों की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने, आवश्यक स्थानों पर संकेतक और सुरक्षा अवरोधक लगाने तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page