Connect with us

भदोही

आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त

Published

on

Loading...
Loading...

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश

असंतोषजनक फीडबैक और बैठक से अनुपस्थिति पर कार्रवाई, गलत आख्या देने वाले अधिकारियों को भी चेतावनी

ज्ञानपुर (भदोही)। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (जनसुनवाई पोर्टल) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत के विभाग में फीडबैक शत-प्रतिशत असंतोषजनक पाए जाने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही श्रेणी ‘सी’ के 11 लंबित संदर्भों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण और उच्च न्यायालय से संबंधित रिट याचिकाओं एवं अवमानना मामलों का गंभीरता से समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर किसी भी शिकायत के निस्तारण में भ्रामक या गलत आख्या स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी द्वारा तथ्य छिपाने या गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने की शिकायत मिली तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नवीनतम शासनादेशों का अध्ययन कर उनका अक्षरशः पालन करने के निर्देश भी दिए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं आईजीआरएस मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान करें। निरीक्षण के दौरान फोटो और दो गवाहों के हस्ताक्षर भी निस्तारण प्रक्रिया का हिस्सा बनाए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन ग्रामों पर फोकस करने को कहा, जहां शिकायतों की संख्या अधिक है या लगातार असंतोषजनक फीडबैक मिल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने सभी विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी विशेष बल दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने ईडीएम आशुतोष श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि जिन विभागों में आईजीआरएस पर डिफॉल्टर प्रकरण पाए गए हैं, उनसे तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, परियोजना अधिकारी आदित्य कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर भान सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय, एआरटीओ राम सिंह वर्मा, सभी तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page