भदोही
मोबाइल चार्जर की केबल से पत्नी की हत्या, फरार पति गिरफ्तार
सुरियावां पुलिस और स्वाट टीम ने 72 घंटे के भीतर किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, हत्या में प्रयुक्त केबल व मोबाइल बरामद
अवैध संबंध के शक और घरेलू विवाद में वारदात को दिया अंजाम, आरोपी ने पूछताछ में जुर्म कबूला
भदोही। सुरियावां थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मोबाइल चार्जर की केबल से पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के मामले का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चार्जर की केबल और मृतका का क्षतिग्रस्त मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को हुई महिला की हत्या के मामले में दर्ज मुकदमे के वांछित आरोपी रत्नेश कुमार (25), निवासी हंडिया, प्रयागराज को मतेथू तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, रत्नेश और उसकी पत्नी शिवानी उर्फ आरती करीब पांच वर्षों से विवाहित थे और सुरियावां थाना क्षेत्र के संजय नगर बाजार, दशवतपुर में किराये के मकान में रहते थे। मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के अन्य पुरुषों से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते 13 जुलाई की सुबह उसने मोबाइल चार्जर की केबल से पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मृतका का मोबाइल फ्लाइट मोड पर डालकर स्कॉर्पियो से फरार हो गया और रास्ते में मोबाइल को हाईवे पर फेंककर क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त सफेद रंग की चार्जर केबल तथा मृतका का रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सुरियावां थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
