वाराणसी
अब पोस्टपेड व्यवस्था लागू करेगा बिजली विभाग, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने जिले में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का फैसला किया है। इस आदेश के बाद जिले के अभियंताओं ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वर्तमान में जिले के 8,61,705 उपभोक्ताओं में से 2.10 लाख घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इन मीटरों को पोस्टपेड में बदलने के लिए किसी भी मीटर को हटाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि यह बदलाव कार्यालय के सर्वर के माध्यम से किया जाएगा।
उपभोक्ताओं द्वारा पहले से स्मार्ट प्रीपेड मीटर में कराया गया रिचार्ज उनके अगले बिजली बिल में समायोजित किया जाएगा। अगला बिल जारी होने पर एडवांस राशि उसमें से घटा दी जाएगी। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय लिया था। स्मार्ट मीटर में किसी प्रकार की छेड़छाड़ संभव नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षा मिलती है।
पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का निर्णय लिया था। बनारस में मेसर्स जीएमआर को तीन वर्षों में करीब सात लाख उपभोक्ताओं के मीटर बदलकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का लक्ष्य सौंपा गया था। हालांकि, एक वर्ष में उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 8,61,705 हो गई है। जीएमआर ने लक्ष्य के अनुरूप जिले में अब तक 1.80 लाख स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए हैं, लेकिन शासन ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर फिलहाल रोक लगा दी है।
इसी बीच उपभोक्ताओं की ओर से प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। इनमें मीटर का तेज चलना, बैलेंस का गायब होना और बिना सूचना के बिजली कटने जैसी समस्याएं शामिल हैं। ऊर्जावान एप के जरिए खपत ट्रैक करने की सुविधा दी गई है, लेकिन कई स्थानों पर यह एप सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। जीएमआर कंपनी की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, लेकिन ये अक्सर व्यस्त रहते हैं। नेटवर्क कनेक्टिविटी, सर्वर क्षमता और उपभोक्ता जागरूकता की कमी इन समस्याओं को और बढ़ा रही है।
जिले में उपभोक्ताओं की संख्या में चिरईगांव – 1,30,747, हरहुआ – 1,18,221, बरईपुर – 1,78,659, ईडीसी वाराणसी – 4,27,627, भेलूपुर – 47,196, चौकाघाट – 47,233, चेतमणि – 69,226, मढ़ौली – 60,027, ईडीयूसी प्रथम वाराणसी – 2,23,682, मछोदरी – 38,296, वरुणापार – 59,485, सारनाथ – 68,483, राजघाट – 44,133 और ईडीयूसी द्वितीय वाराणसी – 2,10,396 लोग हैं।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे हमेशा पर्याप्त बैलेंस बनाए रखें, रिचार्ज की रसीद सुरक्षित रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत 1912 हेल्पलाइन या जीएमआर के नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि इसके बाद भी समस्या बनी रहती है तो स्थानीय बिजली कार्यालय या नियामक आयोग से संपर्क करने की सलाह दी गई है। इन समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं का विरोध भी बढ़ने लगा है। शासन ने जांच कराई तो स्मार्ट प्रीपेड मीटर में गड़बड़ी मिलने पर तत्काल प्रभाव से इन्हें लगाने पर रोक लगा दी गई।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि, मुख्यालय के निर्देश पर उपभोक्ताओं के घरों में लगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनका एडवांस पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
