गोरखपुर
अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत
संतकबीरनगर में घर के बाहर बैठे बुजुर्ग दंपति और दो मासूम नातियों को ट्रक ने रौंदा, चालक पर कार्रवाई शुरू
एनएच-27 पर खलीलाबाद के कुर्थिया चौराहे के पास हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
संतकबीरनगर। जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (गोरखपुर-लखनऊ मार्ग) पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक सड़क से उतरकर घर के बाहर चारपाई पर बैठे बुजुर्ग दंपति और उनके दो मासूम नातियों को कुचलता हुआ सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसा। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
घर के बाहर बैठे थे परिवार के सदस्य
पुलिस के अनुसार, हादसा कुर्थिया चौराहे के समीप हुआ। भीषण गर्मी के कारण लालजी (62) पुत्र गनपत अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। उनके साथ उनके दो नाती आदर्श (12) पुत्र अनिल कुमार तथा सत्यम (6) पुत्र राजेश कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और चारपाई पर चढ़ गया।
चारों की मौके पर हुई मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर फंस गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
शव निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
सूचना पर कांटे चौकी पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद, प्रभारी निरीक्षक खलीलाबाद तथा ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक के नीचे फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चालक के खिलाफ कार्रवाई, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
