Connect with us

गोरखपुर

अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की मौत पर करणी सेना सख्त, 24 घंटे में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम

Published

on

Loading...
Loading...

देवरिया। जिले के बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। इसी बीच करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरू सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

मीडिया से बातचीत में वीरू सिंह ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि मामले में पांच नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ आरोप दर्ज किए गए हैं, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने परिजनों के आरोपों का हवाला देते हुए एसडीएम का नाम भी एफआईआर में शामिल करने की मांग की।

करणी सेना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र का एक ग्राम प्रधान और उसके सहयोगी मिलकर लोगों का उत्पीड़न करते हैं। मृतक अधिवक्ता विजेंद्र सिंह दो बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके थे और उन्हें योजनाबद्ध तरीके से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

वीरू सिंह ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की भी मांग की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page