Connect with us

शिक्षा

Research.com की वैश्विक रैंकिंग में IIT BHU के नौ वैज्ञानिक शामिल

Published

on

Loading...
Loading...

संस्थान की शोध उपलब्धियों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (BHU) वाराणसी के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण सामने आया है। अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित वैश्विक रिसर्च रैंकिंग प्लेटफॉर्म Research.com द्वारा जारी “World’s Best Scientists Rankings 2026” में IIT (BHU) के नौ संकाय सदस्यों को स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि ने संस्थान की वैश्विक स्तर पर बढ़ती शोध क्षमता और शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई पहचान दिलाई है।

रैंकिंग में शामिल IIT (BHU) के वैज्ञानिकों में रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. योगेश चन्द्र शर्मा, मटेरियल्स साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. प्रलय मैती, प्रो. राजीव प्रकाश और डॉ. अनुज कुमार, बायोकेमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. प्रांजल चन्द्रा, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जहर सरकार, केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. राम शरण सिंह तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. सत्यव्रत जित और प्रो. सोमक भट्टाचार्य शामिल हैं।

बताया गया कि यह प्रतिष्ठित रैंकिंग वैज्ञानिकों के शोध कार्य, उद्धरण (citations), H-index और Discipline H-index (D-index) जैसे अंतरराष्ट्रीय शोध मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। इन मानकों के माध्यम से किसी वैज्ञानिक के शोध कार्य की गुणवत्ता, प्रभाव और वैश्विक योगदान का मूल्यांकन किया जाता है।

Advertisement

विशेष बात यह है कि सूची में शामिल कई वैज्ञानिकों को पूर्व में भी Elsevier द्वारा जारी “World’s Top 2% Scientists” सूची में कई बार स्थान मिल चुका है। इससे IIT (BHU) के शोधकर्ताओं की निरंतर उत्कृष्टता और वैश्विक शोध समुदाय में उनकी मजबूत उपस्थिति स्पष्ट होती है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए IIT BHU के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि Research.com की प्रतिष्ठित “World’s Best Scientists Rankings” में संस्थान के नौ संकाय सदस्यों का चयन पूरे IIT BHU परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान में हो रहे उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।

प्रो. पात्रा ने कहा कि IIT BHU शोध, नवाचार और अंतर्विषयी सहयोग को लगातार बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में समाजोपयोगी एवं प्रभावशाली योगदान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपलब्धि IIT BHU की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और अधिक मजबूत करेगी।

संस्थान प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि IIT BHU में उच्च गुणवत्ता वाले शोध, वैश्विक अकादमिक सहयोग और बहुविषयी वैज्ञानिक योगदान को निरंतर प्रोत्साहन देने के प्रयासों का परिणाम है। संस्थान के शोधकर्ताओं की इस सफलता से विद्यार्थियों और युवा वैज्ञानिकों को भी प्रेरणा मिलेगी। Research.com द्वारा जारी विस्तृत रैंकिंग उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page