शिक्षा
जून तक छात्रों को समर्पित होगा हरहुआ का अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय
वाराणसी। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हरहुआ में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। जिले के 220 कंपोजिट विद्यालयों में से चयनित इस स्कूल को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस कर एक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे लेकर बीएसए सहित तीन सदस्यीय जांच टीम ने विद्यालय पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लिया।
1.31 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस विद्यालय के निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस विभाग को मिली है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परियोजना का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
प्रशासन ने जून तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर इसे छात्रों के लिए समर्पित करने का लक्ष्य रखा है। अभ्युदय ब्लॉक के तहत बन रहे इस विद्यालय में छात्रों को निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। स्कूल का 90 प्रतिशत कार्य पूरा, 220 कंपोजिट विद्यालयों में से चयनित स्कूल को संसाधनों से लैस किया जा रहा है।
अकादमिक सुविधाओं के लिए पांच आधुनिक कमरे, एक लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, गणित व विज्ञान लैब और स्मार्ट क्लासरूम के अलावा परिसर में बैडमिंटन कोर्ट और एक पोषण वाटिका विकसित की जा रही है। डाइनिंग सेट, गार्ड रूम, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, मल्टीपल हैंडवाश यूनिट और सुरक्षा के लिए चारदीवारी पर कंटीले तारों की व्यवस्था होगी।
जांच टीम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर योगेश गुप्त और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के राजेश सिंह शामिल थे।
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को संसाधनों की कमी नहीं महसूस होगी : बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि योजना का मकसद सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता का उन्नयन करना है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को संसाधनों की कमी न महसूस हो।
