मिर्ज़ापुर
NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
सिटी क्लब से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे कार्यकर्ता, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
पेपर लीक और छात्रों के अधिकारों के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई का भी जताया विरोध
मिर्जापुर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले, युवाओं की मांगों और जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) मिर्जापुर एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शहर में ‘न्याय दो’ पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिटी क्लब मैदान से पदयात्रा शुरू कर जिला मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय एडवोकेट और जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुनील कुमार पांडेय एडवोकेट ने कहा कि परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं से देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों पर उचित कदम नहीं उठा रही है और शिक्षा मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए।
वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों को पुलिस बल के माध्यम से नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को सुनना सरकार की जिम्मेदारी है।
आप जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने कहा कि सोनम वांगचुक द्वारा उठाए गए मुद्दे युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किए जाने पर आप नेताओं ने विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। बाद में अपर जिलाधिकारी वित्त ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू, जिला महासचिव संतोष कुमार पांडे, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मीरा देवी पटेल, जिला प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
